


21 मई/ DPH NEWS
आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. प्लेऑफ की रेस अब साफ नजर आ रही है, मुकाबलों में ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस लगातार दिलचस्प होती जा रही है. ऑरेंज कैप की दौड़ में टॉप-3 बल्लेबाजों के बीच सिर्फ 3 रन का अंतर इसे और खास बना रहा है. सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली. टीम के लिए ईशान किशन ने बेहद जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की. उन्होंने 47 गेंदों में 70 रन बनाए इस जीत में हेनरिक क्लासेन ने अहम भूमिका निभाई. क्लासेन ने भी सिर्फ 26 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में बड़ा योगदान दिया. इसी शानदार पारी की बदौलत क्लासेन ने एक बार फिर ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया है. क्लासें ने अपने नाम 13 मैचों में 555 रन किए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 155 से ज्यादा है. गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन इस समय 554 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं. क्लासेन और सुदर्शन के बीच सिर्फ 1 रन का अंतर है. वहीं, गुजरात के कप्तान शुभमन गिल 552 रन बनाकर तीसरे नंबर पर मौजूद हैं.
तीनों बल्लेबाजों के बीच सिर्फ 3 रन का फर्क है.
ऐसे में आने वाले मुकाबलों में ऑरेंज कैप कई बार बदल सकती है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. कोहली ने 13 मैचों में 542 रन बनाए हैं और वह चौथे स्थान पर हैं. दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल भी लगातार रन बना रहे हैं. राहुल ने इस सीजन 533 रन बनाए हैं और वह पांचवें नंबर पर मौजूद हैं. दोनों बल्लेबाज अभी भी ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बने हुए हैं.गेंदबाजी की बात करें तो पर्पल कैप आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के नाम है. उन्होंने 13 मैचों में 24 विकेट हासिल किए हैं. गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा 21 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर हैं. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 20 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं. जोफ्रा आर्चर और ईशान मलिंगा 17-17 विकेट लेकर क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं.
