SPORTS:IPL 2026,चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने कुल 13 खिलाड़ियों को उतारा मैदान पर

24 अप्रैल/ DPH News

आईपीएल 2026 का 33वां मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. मुंबई अपनी होम ग्राउंड पर उतरी, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना देखने को मिली, जब मुंबई इंडियंस की तरफ से कुल 13 खिलाड़ी मैदान पर खेलते हुए नजर आए. जिसके पीछे एक बड़ी वजह भी थी. लेकिन अंपायर की ओर से 13वें खिलाड़ी की इजाजत दिए जाने पर बड़ा बवाल भी देखने को मिला.आमतौर पर टी-20 मैच में कोई टीम प्लेइंग-11 के अलावा सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल करती है, जिससे कुल 12 खिलाड़ी मैच का हिस्सा बनते हैं. लेकिन इस मैच में मुंबई को कन्कशन सब्स्टीट्यूट का भी सहारा लेना पड़ा, जिसके कारण टीम के 13 खिलाड़ी इस मुकाबले में शामिल हो गए. दरअसल, मैच के दौरान न्यूजीलैंड के स्पिनर मिचेल सैंटनर को चोट लग गई थी. पहली पारी के 17वें ओवर में कार्तिक शर्मा का कैच लेते समय सैंटनर के कंधे में चोट लग गई थी. जिसके बाद वह कंधा पकड़कर बाहर जाते दिखे थे. उन्होंने उस समय तक अपने चार ओवर पूरे कर लिए थे, जिसमें 44 रन देकर एक विकेट लिया. नियम के मुताबिक मुंबई इंडियंस ने कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल किया.कन्कशन सब्स्टीट्यूट का नियम तब लागू होता है जब कोई खिलाड़ी मैच के दौरान सिर या गर्दन की चोट का शिकार हो गया है. ऐसे में अंपायर के इस फैसले पर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया. कुछ फैंस ने इसे गलत फैसला बताया. शुरुआत में कंधे की चोट लगने का ही शक था, लेकिन रीप्ले में सिर के टकराने की पुष्टि हुई. जिसके चलते मुंबई को नए खिलाड़ी की इजाजत मिली.मुकाबले में मुंबई इंडियंस पहले ही इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल कर चुकी थी. उन्होंने अल्लाह गजनफर की जगह दानिश मालेवार को टीम में उतारा था. इन दोनों बदलावों (एक इम्पैक्ट प्लेयर + एक कॉन्कशन सब) के कारण मुंबई की तरफ से कुल 13 खिलाड़ी इस मैच में हिस्सा बने. ऐसी घटना आईपीएल में काफी कम ही देखने को मिली है, जिसके चलते मुंबई के इस फैसले ने हर किसी को हैरान कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *