SPORTS:पंजाब किंग्स ने किया शानदार प्रदर्शन, लखनऊ को हराया

20 अप्रैल/ DPH News

पंजाब किंग्स से मिले 255 लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शानदार शुरुआत हुई। आयुष बदोनी और मिचेल मार्श ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.6 ओवर में 61 रन जोड़े। मार्श 28 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बदोनी ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौकै और एक छक्का लगाया। कप्तान ऋषभ पंत अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की दमदार पारी खेली। पंत ने अपनी इस पारी में एक चौका और 4 छक्के लगाए।निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही। निकोलस 9 रन बनाकर आउट हुए। एडेन मार्करम और मुकेश चौधरी ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इन दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 33 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, तो मुकुल 17 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 37 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और चहल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।पंजाब किंग्स (PBKS) ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए। PBKS की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआत में प्रभसिमरन सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की साझेदारी निभाई। कोनोली ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए।वहीं, प्रियांश ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 37 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली। प्रियांश ने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए। श्रेयस अय्यर 5 रन बनाकर आउट हुए। PBKS के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया, जबकि नेहल वढेरा ने 13 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शशांक सिंह ने 6 गेंदों में 17 रन बनाए। LSG की तरफ से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने सिर्फ 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि एम सिद्धार्थ ने 35 रन खर्च करते हुए 2 विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। LSG की यह इस सीजन की चौथी हार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *