गुरुग्राम,रेप पीड़िता का टूटा सब्र, कमिश्नर ऑफिस के बाहर सुसाइड की कोशिश

इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही रेप पीड़िता, पुलिस द्वारा जल्द ही कार्रवाई करने का दिया भरोसा

गुरुग्राम/ DPH NEWS

गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ऑफिस के बाहर गुरुवार को एक रेप पीड़िता ने खुद को आग लगाकर जान देने की कोशिश की. न्याय न मिलने से परेशान महिला हाथ में पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर सीधे गेट पर पहुंच गई. उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए उसे आग लगाने से रोक लिया. पुलिस ने किसी तरह महिला को समझाकर शांत कराया. इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें धुंधले दृश्यों के बीच महिला की चीखें साफ सुनी जा सकती हैं.सीपी ऑफिस में कदम रखने से ठीक पहले इस महिला ने अपना एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था. इस वीडियो में उसने बताया कि पानीपत के एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. इसकी एफआईआर उसने गुरुग्राम के सेक्टर 51 पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी. महिला का आरोप है कि 4 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है. वह सरेआम घूम रहा है और उसके परिवार वाले व गुंडे पीड़िता को केस वापस लेने की धमकियां दे रहे हैं. इसी वीडियो में महिला ने कहा था कि अब उसके पास मौत ही इकलौता रास्ता बचा है और वह सुसाइड करने के लिए सीपी ऑफिस जा रही है.घटना के तुरंत बाद पुलिस विभाग या पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई. हालांकि, बाद में गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में एक आधिकारिक बयान जारी किया. अपने बयान में पुलिस ने महिला के खुद को आग लगाने की कोशिश की घटना की न तो पुष्टि की और न ही इससे इनकार किया. पुलिस ने सिर्फ इतना कहा है कि मामले के आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *