पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के बाद दिया बड़ा बयान, पढ़े पूरी खबर

अहमदाबाद/ DPH NEWS

गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल में चार विकेट से शिकस्त मिलने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि खराब शुरुआत के बावजूद उनके बल्लेबाजों ने अच्छा स्कोर खड़ा किया लेकिन गेंदबाजों से थोड़ी चूक हो गई। पंजाब किंग्स के लिए सूर्यांश शेडगे ने 57 रनों की उत्कृष्ट पारी खेली लेकिन जेसन होल्डर (24 रन पर चार विकेट) के साथ कागिसो रबाडा (22 रन पर दो विकेट) और मोहम्मद सिराज (28 रन पर दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 163 रन ही बना सकी। गुजरात टाइटंस ने 19.5 ओवर में चार विकेट पर 167 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की।साई सुदर्शन (57) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 40) ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। मौजूदा सत्र में दूसरी हार झेलने के बाद अय्यर ने प्रसारकों से बातचीत में टीम के प्रदर्शन पर संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए स्कोर संतोषजनक था, लेकिन गेंदबाजी में चूक भारी पड़ गई। उन्होंने कहा, ‘मुझे व्यक्तिगत तौर पर लगा कि यह अच्छा स्कोर था। नई गेंद से शुरुआत में मदद मिल रही थी। उनके गेंदबाजों ने पिच का बेहतरीन इस्तेमाल किया और सही लेंथ पर गेंदबाजी की।’पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8.4 ओवर में 47 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। शेडगे ने इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (40) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। अय्यर ने शुरुआती झटकों का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए थे, ऐसे में वहां से 160 तक पहुंचना शानदार प्रयास था।गेंदबाजी को लेकर उन्होंने स्वीकार किया कि टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा, ‘नई गेंद से हमें लगा था कि हम सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी कर विकेट निकाल पाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।’ उन्होंने तकनीकी खामियों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘हम बल्लेबाजी के लिए मुश्किल लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करने से चूक गए। इस विकेट पर मिडविकेट के ऊपर खेलना आसान नहीं था, क्योंकि पिच से असमान उछाल मिल रही थी। हम इस मामले में चूक गए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *