
कलकत्ता/ DPH NEWS
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार के सत्ता में आने के बाद से ममता बनर्जी की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। ममता बनर्जी की कार पर हुए हमले में ममता बनर्जी बाल-बाल बचीं। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नॉर्थ 24 परगना जिले के हालिशहर में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को घेर लिया और पथराव किया। इस दौरान कार पर पत्थर, कीचड़ और चप्पलें भी फेंकी गईं। यह घटना तब हुई जब ममता पुलिस कस्टडी में मारे गए TMC कार्यकर्ता बिरजू केवट के परिवार से अपना दुख बांटने जा रही थीं।ममता बनर्जी ने इस हमले को BJP की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले से जानकारी देने के बावजूद कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर ईंटों से हमला करके उन्हें मारने की कोशिश की गई। ममता ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य गुंडों के हवाले कर दिया गया है और वे इस मामले को कोर्ट ले जाएंगी। ममता के साथ आए सांसद कल्याण बनर्जी और डोला सेन ने भी BJP सरकार पर माफिया के जरिए राजनीति करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी तरफ, BJP ने ममता बनर्जी पर इलाके में तनाव पैदा करने का आरोप लगाया है। रूलिंग पार्टी के मुताबिक, लोगों में पिछली सरकार के खिलाफ गुस्सा है और इसी वजह से लोगों ने अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। गौरतलब है कि हाल ही में ममता को कोलकाता हाई कोर्ट के बाहर विरोध का सामना करना पड़ा था और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के काफिले पर अंडे भी फेंके गए थे। पुलिस भी ममता बनर्जी को कोई सपोर्ट नहीं कर रही है। अब बनर्जी के पास BJP सरकार को कहने के लिए बहुत कुछ है।
