
चंडीगढ़/ DPH NEWS
सार
किसान संगठन और केंद्र सरकार एक बार फिर आमने-सामने होने जा रहे हैं। किसान लंबे समय से भारत-US ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब 21 जुलाई को दिल्ली कूच करने का फैसला किया गया है।
विस्तार
किसान संगठन और केंद्र सरकार एक बार फिर आमने-सामने होने जा रहे हैं। किसान लंबे समय से भारत-US ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अब 21 जुलाई को दिल्ली कूच करने का फैसला किया गया है। जानकारी के मुताबिक, देश के किसान संगठनों द्वारा बनाया गया ‘देश बचाओ मोर्चा’ 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर भारत-US ट्रेड एग्रीमेंट समेत किसानों और मजदूरों की मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेगा।
दिल्ली में किसानों द्वारा किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए पंजाब के किसान आज यानी 20 जुलाई को दिल्ली कूच करेंगे।
इस मौके पर ‘देश बचाओ मोर्चा’ के नेता सरवन सिंह पंधेर की अगुवाई में सैकड़ों बसों का काफिला दोपहर में दिल्ली के लिए रवाना होगा, जो कल यानी 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर भारत-US ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान एक दिन के लिए दिल्ली के किसान घाट पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि भारत-US ट्रेड एग्रीमेंट सिर्फ किसानों के लिए ही नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और दूसरे बिजनेस के लिए भी घातक है। इसलिए केंद्र सरकार को तुरंत इस समझौते को रद्द कर देना चाहिए। इसके अलावा केंद्र सरकार मानसून सत्र में बीज बिल और बिजली संशोधन बिल लाने की तैयारी कर रही है। किसानों ने इन दोनों बिलों का भी विरोध किया और मांग की कि केंद्र सरकार किसान विरोधी फैसले लेना बंद करे। केंद्र सरकार को किसान संगठनों की तरफ से कड़ी चेतावनी मिली है कि जैसे उसने पहले तीन काले कानून वापस लिए थे, वैसे ही यह समझौता भी वापस ले, नहीं तो हमारा विरोध और भी तेज होगा।
