
12 मई/ DPH NEWS
अगर आपसे पूछा जाए कि दुनिया में सबसे ज्यादा सोने वाला जीव कौन सा है तो शायद आपका जवाब आलसी इंसान या फिर कोई सुस्त जानवर हो सकता है लेकिन असल जवाब सुनकर आप चौंक सकते हैं. दुनिया में एक ऐसा जानवर भी है जो दिन के 24 घंटों में से करीब 22 घंटे तक सोता रहता है यानी उसकी जिंदगी का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ नींद में गुजर जाता है.जनरल नॉलेज के लिहाज से यह सवाल काफी दिलचस्प माना जाता है और कई प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पूछा जाता है।कोअला (Koala)को दुनिया का सबसे ज्यादा सोने वाला जानवर माना जाता है. यह जानवर मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया में पाया जाता है और ज्यादातर समय पेड़ों पर ही बिताता है.कोआला औसतन 20 से 22 घंटे तक सो सकता है यानी पूरा दिन लगभग सोते हुए निकल जाता है. कई रिसर्च में यह बताया गया है कि कोआला सिर्फ खाने और थोड़ी बहुत गतिविधि के लिए ही जागता है. बाकी समय वह आराम करता रहता है।कोआला के ज्यादा सोने की सबसे बड़ी वजह उसका खाना है. यह मुख्य रूप से यूकेलिप्टस यानी नीलगिरी की पत्तियां खाता है. इन पत्तियों में पोषण बहुत कम होता है और इन्हें पचाने में काफी ऊर्जा लगती है.इसी वजह से कोआला अपने शरीर की ऊर्जा बचाने के लिए ज्यादा समय तक सोता रहता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक उसका मेटाबॉलिज्म भी काफी धीमा होता है इसलिए उसे लगातार एक्टिव रहने की जरूरत नहीं पड़ती।कोआला देखने में भले ही छोटे भालू जैसा लगता हो, लेकिन असल में यह भालू नहीं बल्कि मार्सुपियल यानी थैलीदार जीव है. कंगारू की तरह इसके बच्चे भी मां की थैली में रहते हैं.कोआला पेड़ों पर रहने वाला जीव है और उसकी पकड़ काफी मजबूत होती है. यही वजह है कि वह पेड़ की शाखा पर घंटों आराम से सो सकता है.एक और दिलचस्प बात यह है कि कोआला बहुत कम पानी पीता है. उसे अपने खाने यानी यूकेलिप्टस की पत्तियों से ही काफी मात्रा में पानी मिल जाता है।
