
21 अप्रैल/DPH News
आईपीएल जैसी लीग में खेलने का सपना हर कोई देखता है. आईपीएल के जरिए कई बार टीम इंडिया के दरवाजे भी खुल जाते हैं और रातों-रात खिलाड़ियों की किस्मत चमक उठती है. लेकिन इस लीग तक पहुंचना आसान नहीं है. बड़े-बड़े धुरंधर इस लीग का हिस्सा हैं, इनमें से एक नाम ऐसा है जिसने एक ओवर में 7 छक्के लगाने का नामुमकिन जैसा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है. घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के चलते इस खिलाड़ी ने आईपीएल में जगह बनाई थी और टीम इंडिया के लिए भी डेब्यू कर चुका है, लेकिन इस सीजन सुपर फ्लॉप नजर आ रहा है. जिस मुकाबले में 7 छक्के का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना उस मैच में बल्लेबाज ने 220 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. पारी में 16 छक्के और 10 चौके देखने को मिले थे. इस पारी के लिए इस बल्लेबाज ने 159 गेंदे ली थी. लेकिन आईपीएल 2026 में ये बल्लेबाज पूरी तरह से फीका नजर आ रहा है. चारों तरफ इस बल्लेबाज की आलोचना भी हो रही है. अभी तक 6 मुकाबलों में इस बल्लेबाज ने एक भी अर्धशतक नहीं ठोका है. हम जिस बल्लेबाज के बारे में बताने जा रहे हैं वो कोई और नहीं बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ हैं. आईपीएल 2026 में गायकवाड़ सवालों के घेरे में नजर आ रहे हैं. गायकवाड़ बतौर कप्तान भी फेल नजर आए क्योंकि 6 मैच में टीम को महज 2 जीत नसीब हुई हैं. वहीं, बैटिंग में भी कुछ खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिल रहा है. गायकवाड़ ने महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में एक ओवर में 7 छक्के जड़कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था. उस ओवर में गेंदबाज ने एक नो बॉल भी फेंकी थी और उसे भी गायकवाड़ ने बाउंड्री पार पहुंचा दिया था. पूरा ओवर 43 रन का था.गायकवाड़ साल 2021 से सीएसके टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने अभी तक आईपीएल में 77 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 2584 रन दर्ज हैं. उन्होंने अभी तक आईपीएल में 20 फिफ्टी और 2 शतकीय पारियां भी खेली हैं. हालांकि, अभी भी इस सीजन उनके पास मौका है. सीएसके के पास 8 मुकाबले बाकी हैं. प्लेऑफ का रास्ता साफ करने के लिए टीम को कम से कम 6 मुकाबले जीतने होंगे.
