कांग्रेस छोड़कर आए थे आम आदमी पार्टी

होशियारपुर/ DPH NEWS
होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को संदिग्ध कॉल आने के बाद राज्य की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, सांसद ने दावा किया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम पर उन्हें फोन कर भ्रमित करने की कोशिश की। इस संबंध में सांसद ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।आप सांसद राज कुमार चब्बेवाल ने कहा, ‘आज मेरा जन्मदिन है और सुबह से ही मुझे कई फोन आ रहे हैं। इन्हीं कॉल्स में से एक कॉल सुबह करीब 8:45 बजे आया, जिसमें दावा किया गया कि गृह मंत्री अमित शाह मुझसे बात करेंगे। दूसरी तरफ से आवाज आई, ‘राज कुमार चब्बेवाल, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज आप कहां हैं?’ उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि जब भी मैं दिल्ली आऊं, तो उनसे ज़रूर मिलूं। मैंने कहा, ‘ठीक है सर, धन्यवाद।’सांसद ने आगे कहा कि उन्हें यह कॉल थोड़ा अजीब लगा। ‘सबसे पहली बात तो यह है कि जब भी मुझे किसी संबंधित मंत्रालय से कोई कॉल आता है, तो आमतौर पर वह लैंडलाइन से होता है। दूसरी बात, वह आवाज गृह मंत्री की नहीं लग रही थी। इसलिए मैंने होशियारपुर के संबंधित एसएसपी से अनुरोध किया कि वे इस कॉल की जांच करें और आवश्यक कार्रवाई करें।’ डॉ. चब्बेवाल ने यह भी कहा कि यह किसी का मजाक भी हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कोई और मंशा है या नहीं, यह जांच का विषय है।होशियारपुर के एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल गई है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल और जानकारी साझा नहीं की जा सकती, क्योंकि मामला जांच के दायरे में है और इससे जांच प्रभावित हो सकती है।डॉ. राजकुमार चब्बेवाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में होशियारपुर सीट से जीत हासिल की थी। इससे पहले वे चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। आप के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरते हुए उन्होंने अपने विरोधियों को बड़े अंतर से पराजित किया था।
