
नई दिल्ली/ DPH NEWS
सार
भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) लेकर एक टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य ( Strait of Hormuz ) से सुरक्षित बाहर निकल गया है। खाड़ी देश संकट के इस दौर में अपने प्रमुख खरीदारों को बेहद गुपचुप तरीके से ईंधन की आपूर्ति कर रहे हैं,
विस्तार
भारत को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार ईरान-अमेरिका/इजरायल युद्ध शुरू होने के करीब 3 महीने बाद पहली बार भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) लेकर एक टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य ( Strait of Hormuz ) से सुरक्षित बाहर निकल गया है। खाड़ी देश संकट के इस दौर में अपने प्रमुख खरीदारों को बेहद गुपचुप तरीके से ईंधन की आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे भारत को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।ब्लूमबर्ग के शिप-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, एडनॉक लॉजिस्टिक्स एंड सर्विसेज ( Adnoc Logistics & Services ) के अल हमरा (Al Hamra) टैंकर को हाल ही में पश्चिमी भारत की ओर बढ़ते हुए देखा गया है। सुरक्षा कारणों से इस जहाज ने 19 अप्रैल के आसपास अपना सिग्नल (ट्रांसपोंडर) भेजना बंद कर दिया था, ताकि इसे ट्रैक न किया जा सके।शिपिंग डेटा एनालिटिक्स कंपनी केपलर (Kpler) के अनुसार, सिग्नल बंद रहने के दौरान इस टैंकर ने अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (Adnoc) के दास आइलैंड निर्यात संयंत्र से गैस लोड की। सैटेलाइट तस्वीरों से भी पुष्टि हुई है कि दास आइलैंड पर एलएनजी टैंकर डॉक कर रहे हैं, भले ही वे अपनी लोकेशन लाइव ब्रॉडकास्ट नहीं कर रहे हैं। इससे पहले एडनॉक ने इसी तरह गुप्त रूप से जापान और चीन को भी एक-एक शिपमेंट भेजा था।
