
मोहाली/DPH News
जिला प्रशासन शुक्रवार की रात सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित करेगा। यह मॉक ड्रिल जिला प्रशासनिक परिसर सेक्टर-76 और इसके आसपास के इलाकों में करवाई जाएगी। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों का आकलन करना है। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल की शुरुआत रात 8 बजे दो मिनट तक बजने वाले एयर रेड सायरन से होगी, जिसमें ऊंची-नीची ध्वनि सुनाई देगी। इसके तुरंत बाद संबंधित क्षेत्र में पूर्ण ब्लैकआउट किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया करीब 15 मिनट तक चलेगी।ड्रिल के दौरान ब्लैकआउट प्रबंधन, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने, मेडिकल सहायता और घायलों की देखभाल जैसी आपातकालीन प्रक्रियाओं का अभ्यास करेगी। ड्रिल के अंत में दो मिनट तक एक समान ध्वनि वाला सायरन बजाकर इसके समाप्त होने का संकेत दिया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने आसपास के निवासियों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न दिखाएं, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ड्रिल इस तरह से आयोजित की जाएगी कि आम लोगों की दैनिक गतिविधियों पर कोई असर न पड़े।
