SPORTS:दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल 2026 का आगाज

31 मार्च/DPH News

बेंगलुरु: दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल 2026 का आगाज एक बार फिर उसी मैदान से हुआ जो एक दशक पहले एक ऐतिहासिक फाइनल का गवाह बना था। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने पुरानी यादों को ताजा किया। वॉर्नर की कप्तानी में ही हैदराबाद ने साल 2016 में अपना पहला और एकमात्र खिताब इसी मैदान पर जीता था। सनराइजर्स हैदराबाद के साथ एक गहरा रिश्ता रखने वाले वॉर्नर ने नए सीजन की शुरुआत पर अपनी पूर्व टीम के प्रति प्यार जाहिर किया। इस धाकड़ बल्लेबाज ने कहा, ‘आईपीएल के नए साल की शुरुआत के साथ मैं हैदराबाद के हमेशा वफादार रहने वाले फैंस को शुभकामनाएं देता हूं।’ वॉर्नर का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने हैदराबाद के फैंस को उस सुनहरे दौर की याद दिला दी है जब वॉर्नर टीम की कमान संभालते थे।2016 के उस यादगार फाइनल को याद करते हुए वॉर्नर ने बेंगलुरु के घरेलू मैदान की चुनौती पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘आरसीबी को उनके घर में हराना कभी आसान नहीं होता। उस जीत को आज 10 साल बीत चुके हैं लेकिन वह अहसास कभी पुराना नहीं होगा।’ गौरतलब है कि उस फाइनल मैच में वॉर्नर ने महज 38 गेंदों में 69 रनों की आतिशी पारी खेलकर हैदराबाद को 208 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया था और अंत में एक रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरु को 8 रनों से मात दी थी।दस साल पहले का वो फाइनल आरसीबी और विराट कोहली के फैंस के लिए किसी बुरे सपने जैसा था जहां क्रिस गेल और कोहली के अर्धशतकों के बावजूद टीम लक्ष्य से चूक गई थी। हालांकि, समय का पहिया अब घूम चुका है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अब चोकर्स का टैग हटा चुकी है। पिछले साल यानी 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल में हराकर बेंगलुरु ने अपना 18 साल का लंबा इंतजार खत्म किया और पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *