SPORTS:जानिए कौन बने हैदराबाद के नए कप्तान, किसे मिली बड़ी जिम्मेवारी

न्यू दिल्ली/DPH News

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा फैसला किया है। टीम ने युवा बल्लेबाज और हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में अहम रोल निभाने वाले ईशान किशन को अपना कप्तान नियुक्त किया है। वह पैट कमिंस की जगह टीम की कप्तानी करेंगे। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को इस बात का एलान किया।हालांकि, ये फैसला पूरे सीजन के लिए नहीं लिया गया है। दरअसल, पैट कमिंस चोट के कारण सीजन के शुरुआती कुछ मैच नहीं खेलेंगे। जब तक वह वापस नहीं आ जाते तब तक ईशान टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।वहीं अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “पैट कमिंस चोट से उबर रहे हैं इसलिए वह सीजन के शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। जब तक वह ठीक नहीं हो जाते तब तक ईशान किशन टीम के कप्तान होंगे और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान होंगे।ईशान ने अपनी कप्तानी में झारखंड को इसी सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनाया था। उन्होंने इस पूरे सीजन में दमदार खेल खेला और यही प्रदर्शन उनकी टीम इंडिया में वापसी की वजह भी बना था। ईशान पिछले साल ही हैदराबाद में आए हैं और उन्होंने अपनी तूफानी बैटिंग से काफी कोहराम मचाया है। एक बार फिर उनके ऊपर नजरें होंगी। हैदराबाद को अपने दूसरे खिताब की तलाश है। इस टीम ने साल 2016 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में पहली बार खिताब जीता था। साल 2024 में पैट कमिंस की कप्तानी में ये टीम फाइनल में तो पहुंची थी, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स से हार गई थी। कमिंस की कप्तानी में हैदराबाद ने शानदार काम किया है। ये टीम बेहद आक्रामक है और अपनी तूफानी बैटिंग लाइनअप के लिए जानी जाती है जिसमें अभिषेक, ईशान, हेनरिक क्लासेन, नीतिश कुमार रेड्डी जैसे तूफानी बल्लेबाज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *