
उदयपुर/DPH New
रिश्तों में पड़ी दरार ने ली भाई की जान जिले के फलासिया थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी कोल्यारी के अंतर्गत ढाला गांव में हत्या का मामला सामने आया है। जमीन विवाद को लेकर शराब के नशे में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके को दहशत फैल गई है।पुलिस के अनुसार फलासिया थाना क्षेत्र के ढाला गांव निवासी दो भाई शांतिलाल (45) एवं बंशीलाल के बीच आवासीय जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात्रि को शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।इसी दौरान छोटे भाई बंशीलाल ने गुस्से में आकर बड़े भाई शांतिलाल के सिर पर कुल्हाड़ी की मूंदड़ से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।शुक्रवार तड़के 4 बजे करीब मृतक का पुत्र चुन्नीलाल घर पर पहुंचा। जहां पिता को लहूलुहान अवस्था मे देखकर तुरंत पुलिस चौकी कोल्यारी पर सूचना दी। हेड कांस्टेबल कांतिलाल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी फलासिया थानाधिकारी सीताराम मीणा को दी। सूचना पर थानाधिकारी मय जाप्ता मौके पहुंचे। जहां शव को कब्जे में लेकर झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।इधर, आरोपी बंशीलाल अपने परिवार सहित मौके से घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना अधिकारी की ओर से पुलिस टीम गठित कर आरोपी की धरपकड़ के लिए जंगल में जगह-जगह तलाश की जा रही है।
