
श्रीगंगानगर/DPH News
भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। करीब 36 घंटे में यह दूसरी बड़ी खेप पाकिस्तान से आई है। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मंगवाई गई 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपए आंकी गई है। हालांकि बीएसएफ की सक्रियता से डिलीवरी लेने आए तस्कर मौके पर अपने कपड़े और बैग छोड़कर फरार हो गए। जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि राज्य सरकार की मादक पदार्थों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। एसपी के अनुसार श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान बीएसएफ की 163 बटालियन के बीओपी 3 एफसी प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल शर्मा ने सूचना दी कि 1 एफसी रोही क्षेत्र स्थित दिलबाग सिंह के खेत में संदिग्ध मादक पदार्थ हो सकता है। इस सूचना पर पुलिस और बीएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खेत से 2 किलो 340 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके साथ ही एक काला बैग, जैकेट, गर्म शॉल, लोवर और दो जोड़ी जूते भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी गई थी, जिसे तस्करों की ओर से यहां रिसीव किया जाना था। इसप्रकरण की जांच समेजा कोठी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं। विदित रहे शनिवार देर रात करणपुर एरिया के गांव 17 ओ के पास चार युवकों से 12.167 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 60 करोड़ से अधिक बताई गई है। यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई थी।
