23 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में चढ़ी 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर

बलिया/DPH News

बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। एक 23 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। यह टावर सुखपुरा स्थित एसबीआई बैंक के सामने लगा हुआ है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक टावर पर चढ़ गई और ऊपर से ही अपने प्रेमी को बुलाने लगी। वह लगातार उससे शादी करने की मांग कर रही थी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और करीब डेढ़ घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।सूचना मिलने पर सुखपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी कोशिशों के बावजूद जब युवती नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई, तो पुलिस ने उसके प्रेमी युवक को घर से बुलवाया। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में युवक ने फोन पर युवती से बात की और शादी के लिए सहमति जताई।इसके बाद ही युवती शांत हुई और करीब डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतर आई। जानकारी के मुताबिक, युवती और 19 वर्षीय युवक के बीच पिछले छह महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती शादी का दबाव बना रही थी, जबकि युवक का कहना था कि वह अपने बड़े भाई की शादी के बाद ही विवाह करेगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *