हरियाणा: फर्जी वी,आई,पी किया काबू

करनाल /DPH NEWS

करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन ‘सोशल जस्टिस वेलफेयर आयोग’ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान इंद्री के बीबीपुर जाटान निवासी रिंकू सैनी के रूप में हुई है. रिंकू का आत्मविश्वास इतना ऊंचा था कि उसने गांव ब्रास में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाकायदा निसिंग पुलिस से ‘पायलट और एस्कॉर्ट’ (VIP सुरक्षा) की मांग कर डाली, और यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई.प्राइवेट गार्ड को पहना दी थी वर्दीजब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए. रिंकू सैनी के साथ हरियाणा पुलिस कमांडो की वर्दी में एक निजी सुरक्षा गार्ड (महेंद्र, निवासी पानीपत) तैनात था, जिसके पास अपना लाइसेंसी हथियार भी था. शक होने पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो पता चला कि रिंकू ने केवल लोगों पर रौब झाड़ने के लिए महेंद्र को प्राइवेट गार्ड रखा था और उसे खुद ही हरियाणा पुलिस की वर्दी पहना दी थी ताकि दुनिया को लगे कि उसे सरकारी सुरक्षा मिली हुई है. पुलिस ने रिंकू के साथ उसके चालक विकास और गार्ड महेंद्र को भी दबोच लियाजांच में सामने आया है कि रिंकू सैनी कोई मामूली अपराधी नहीं है. उस पर हरियाणा के विभिन्न जिलों के थानों में ठगी के 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. यह शातिर ठग लोगों को सरकारी नौकरी लगवाने, तबादला करवाने और विदेश भेजने के नाम पर लाखों की चपत लगा चुका है. इससे पहले उसे राजस्थान पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस को आरोपी की गाड़ी से लालबत्ती, दो लाइसेंसी हथियार, ट्रांसफर नोट और विदेश भेजने से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं. इतना ही नहीं, करनाल में मशहूर पंजाबी गायक बब्बू मान के शो के नाम पर अवैध टिकटें बेचकर भी इसने भारी धोखाधड़ी की थी.राजनीतिक रसूख, दुबई कनेक्शनरिंकू सैनी का इतिहास राजनीतिक गलियारों से भी जुड़ा रहा है. साल 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह और उसकी पत्नी भाजपा में सक्रिय थे और इंद्री सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे थे. हालांकि, धोखाधड़ी के मामले सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. बीच के कुछ समय में वह दुबई भी रहकर आया और वापस लौटकर अपनी ‘बड़ी राजनीतिक पहुंच’ का हवाला देकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाने लगा. फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *