
चण्डीगढ़/DPH News
चण्डीगढ़ में एक अप्रैल को भाजपा दफ्तर के बाहर बम धमाके के बाद अब शहर के निजी स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई है. अब तक शहर के नामी चार से पांच प्राइवेट बड़े स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी आई है. इसके अलावा, सीएम भगवंत मान, डीजीपी गौरव सिंह यादव और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को भी बम से उड़ाने का धमकी भर मेल मिला है. फिलहाल, बम स्क्वायड के अलावा, पुलिस के साथ-साथ दमकल की गाड़ियां मौके पर जांच कर रही है और अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर 32 प्राइवेट स्कूल, सेक्टर 45 प्राइवेट स्कूल, सेक्टर 47 और सेक्टर-41 के नामी स्कूल को बम से उड़ाने की ईमेल भेजी गई है. स्कूल में तलाशी के दौरान मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जैसे ही हमें सूचना मिली, हम स्कूल परिसर में पहुंच गए. तलाशी ली जा रही है, लेकिन अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. हमने अभिभावकों से कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है.’’ईमेल में लिखा गया है कि अपने बच्चों को बचाओ. वह बच्चों के खिलाफ नहीं है. खालिस्तान वोटों के जरिये बनेगा या फिर बम के जरिये. पंजाबी में मेल भेजी गई है. खालिस्तानियों की ओर से भेजी गई इस मेल में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के गांधी भवन में भी रात को 9 बजकर 11 मिनट में धमाके की धमकी दी गई है. ईमेल में पंजाब के सीएम भगवंत मान, डीजीपी गौरव यादव और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को भी उड़ाने की चेतावनी दी गई है.इससे पहले दो अप्रैल को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. हालांकि बाद में जांच के दौरान कुछ संदिग्ध नहीं मिला. ईमेल के जरिये मिली धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग के अधिकारियों, बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों के दस्ते और एक एंबुलेंस को जांच के लिए हाईकोर्ट परिसर में भेजा गया. अब तक चंडीगढ़ में कई बार धमाकों की धमकियां दी गई है. लेकिन हर बार अफवाह निकली है. गौरतलब है कि 1 अप्रैल को सेक्टर 37 में भाजपा के दफ्तर के बाहर विस्फोट हुआ था
