
न्यू दिल्ली/DPH News
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को दिल्ली शराब घोटाला केस में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत 23 आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को मामले की सुनवाई फिलहाल टालने के लिए कहा है। ट्रायल कोर्ट ने 27 फरवरी को सभी 23 आरोपियों इस केस में आरोपमुक्त कर दिया था। इसके बाद सीबीआई ने आरोपियों के बरी होने को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। यानी हाई कोर्ट ने निचली कोर्ट के फैसले पर रोक नहीं लगाई। हालांकि दिल्ली हाई कोर्ट के इस निर्देश के बाद बीजेपी आम आमदी पार्टी पर हमलावर है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी एकबार फिर इस मामले में केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है।सीएम ने कहा है कि हाई कोर्ट का फैसला गुनाहगारों के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार का हिसाब तो अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों को देना ही पड़ेगा। रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि ‘आज माननीय दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश दिल्ली के गुनाहगारों के लिए बड़ा झटका है। झूठ और फरेब की उम्र बड़ी छोटी होती है। शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल जी और इस घोटाले में उनकी पार्टी के साथी आरोपी यह जानते थे, इसलिए जल्दबाज़ी में ढोल पीटने लगे और घड़ियाली आंसू बहाकर अपने पाप धोने लगे।’सीएम ने आगे कहा ‘जिस शराब नीति के जरिए हमारी राजधानी को ‘शराब की नगरी’ बनाने का पाप किया गया, उस भ्रष्टाचार का हिसाब तो अरविंद केजरीवाल जी और उनके साथियों को देना ही पड़ेगा। माननीय दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित सभी आरोपियों को नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी सीबीआई के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर भी कोर्ट ने रोक लगा दी है। यह स्पष्ट संकेत है कि भ्रष्टाचार के इस खेल में दिल्ली को लूटने वाले बच नहीं सकते। कानून का शिकंजा कस चुका है और सरकारी खजाने की लूट करने वाले हर अपराधी को कानून द्वारा सजा अवश्य मिलेगी।’